सिंचाई विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों से मचा हड़कंप, शासन ने दिए कार्रवाई के आदेश


19/05/2026 10:58 AM Total Views: 29455
लखनऊ। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार, अवैध संपत्ति अर्जित करने और स्थानांतरण-पदस्थापन में अनियमितताओं के गंभीर आरोपों ने विभागीय हलकों में हलचल मचा दी है। मामले में शासन स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हो गई है।
प्राप्त शिकायतों में प्रशासनिक अधिकारी अमरेश कुमार शुक्ला, प्रधान सहायक अनुराग शुक्ला और प्रधान सहायक सुनील कुमार पर विभागीय पद का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इन अधिकारियों ने स्थानांतरण, पदस्थापन, प्रमोशन और विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में धन उगाही कर भारी संपत्ति अर्जित की है।
ताजा खबरों को देखने के लिए , यहाँ क्लिक करके हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि विभागीय कार्यों के बदले कर्मचारियों से लाखों रुपये की वसूली की गई तथा मनचाही तैनाती के लिए दबाव बनाया गया। साथ ही यह भी आरोप है कि कई मामलों में शासन और मंत्रियों के निर्देशों की अनदेखी कर अपने करीबी कर्मचारियों को महत्वपूर्ण पदों पर बनाए रखा गया।
Read Also This:
दस्तावेजों में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित अधिकारियों ने लखनऊ, उन्नाव और गोरखपुर समेत कई जिलों में करोड़ों रुपये की जमीन और मकान खरीदे हैं। शिकायतकर्ताओं ने इन संपत्तियों की जांच कर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने की मांग की है।
मामले को लेकर शासन पहले ही सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से रिपोर्ट तलब कर चुका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए सक्षम स्तर पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। शासन ने वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत संबंधित अधिकारियों को मुख्यालय से हटाने के संकेत भी दिए हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जब तक संबंधित अधिकारियों का पटल परिवर्तन और स्थानांतरण नहीं होगा, तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। वहीं विभाग में इस पूरे प्रकरण को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

